नई दिल्ली: पूर्व कांग्रेस विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम नारायण राणे के बेटे नितेश राणे भाजपा में शामिल हो गए हैं। महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को उनका पार्टी में स्वागत किया। नितेश 2014 में कणकवली सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। दो दिन पहले मंगलवार को उन्होंने विधायक पद और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद आज वो भाजपा में शामिल हो गए।
नितेश के पिता राज्यसभा सांसद नारायण राणे ने कहा है कि उनके बेटे भाजपा के टिकट पर कंकावली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक चरण में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजों का ऐलान 24 अक्टूबर को किया जाएगा।
नितेश नारायण राणे ‘स्वाभिमान संगठन’ नाम का संगठन भी चलाते हैं। नितेश के पिता नारायण राणे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। एक समय में उनको उन्हें शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का करीबी माना जाता था। फिर वो कांग्रेस में आए, उसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया। नितेश के भाजपा में जाने को लेकर काफी समय से चर्चाएं थीं।
पहली लिस्ट में घोषित किए थे 125 प्रत्याशी
इससे पहले पार्टी 125 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। इस लिहाज से बीजेपी अबतक कुल 139 नामों का ऐलान कर चुकी है। लेकिन एकनाथ खड़से, विनोद तावड़े और प्रकाश मेहता जैसे बड़े नाम भी अभी शामिल नहीं किए गए हैं। खड़से तो पहली सूची आने के बाद अपना नामांकन भी कर चुके हैं।