नई दिल्ली: देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश के युवाओं के लिए यह जवाहर लाल नेहरू को जानना बेहद जरूरी है, लेकिन कुछ ताकतें लोकतंत्र में भरोसा नहीं करती हैं और वह युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से गुमराह कर रही हैं। गहलोत ने कहा कि दुर्भाग्यवश हमारे देश में ऐसे लोग हैं जो पंडित नेहरू के बारे में नहीं जानते हैं। पंडित नेहरू ऐसा व्यक्तित्व हैं जिन्हें मिटाने की कोशिश करने वाले खुद मिट जाएंगे। पंडित नेहरू का काम और उनका व्यक्तित्व हमेशा अमर रहेगा।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि पंडित नेहरूएक महान हस्ती थे, जिसने देश के अंदर उनकी हस्ती कोमिटाने का षड्यंत्र किया गया, उसकी आज धज्जियां उड़ गई हैं। आज जगह-जगह कार्यक्रम हो रहे हैं। आजादी की लड़ाई में पंडित नेहरू लगभग 10 साल तक जेल में बंद रहे थे। मुल्क को आजाद करवाया। देश के पहले प्रधानमंत्री बनें। 17 साल तक देश में शासन किया।
आज जिस ढांचे पर हिंदुस्तान खड़ा है, उनका बनाया हुआ है। चाहे वे बड़े-बड़े कारखाने हो आईआईटी हो या एम्स हो। आज दुनिया उनका लोहा मानती है। हमने राजस्थान में बाल साहित्य एकेडमी की घोषणा की है। पं. नेहरू के बारे में नई पीढ़ी को जानकारी देना आवश्यक है। ताकि आने वाली पीढ़ियां इतिहास को सही परिप्रेक्ष्य में समझ सकें,आत्मसात कर सकें वरना अगर इतिहास को तोड़ोगे-मरोड़ोगे तो भविष्य में देश की क्या तस्वीर बनेगी कोई सोच नहीं सकता।
एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि भाजपा और आरएसएस जानती हैं कि अगर वह पंडित नेहरू पर हमला करेंगे तो यह देश में कांग्रेस की विरासत पर हमला होगा। उन्होंने कहा कि नेहरू महान व्यक्तित्व थे। आज हर जगह कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है, पंडित नेहरू स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 10 साल जेल में रहे। उन्होंने देश को आजादी दिलाई और देश के पहले प्रधानमंत्री बने। उन्होंने देश पर 17 वर्ष तक शासन किया। बता दें कि पंडित नेहरू का जन्मदिन 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था।