नई दिल्ली: विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। यूपी के बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि मुस्लिमों में एक-एक आदमी की 50-50 बीवियां होती हैं और 1050 बच्चे होते हैं। उन्होंने इसे जानवर प्रवृत्ति करार दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने भाजपा विधायक का वीडियो जारी किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा विधायक ने कहा, ‘मुस्लिम धर्म में लोगों की 50-50 बीवियां होती हैं और वे 1050 बच्चों को जन्म देती हैं. यह परंपरा नहीं, बल्कि जानवरी प्रवृत्ति है।’
यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया है। इससे पहले भी वे कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। पिछले साल जुलाई के महिने में बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने रेप की बढ़ती घटनाओं पर विवादित बयान दिया था। विधायक सुरेंद्र सिंह ने देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर कहा था कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भगवान राम भी आ जाएंगे तो इन घटनाओं पर काबू पाना संभव नहीं है।
बीजेपी विधायक ने दुष्कर्म की घटनाओं पर काबू पाने का उपाय भी बताया था। उन्होंने कहा था, “यह सभी का धर्म है कि समाज के सभी लोगों को अपना परिवार समझें, सभी को अपनी बहन समझने के धर्म का पालन करना चाहिए। संस्कार के बल पर ही इन घटनाओं पर काबू पाया जा सकता है।”
साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना ‘लंकिनी’ से करते हुए कहा था कि हनुमान रूपी योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल का आधा लंका दहन कर दिया है तथा विधानसभा चुनाव में लंका का पूर्ण दहन हो जायेगा। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि मोदी रूपी राम तृणमूल कांग्रेस से ही किसी विभीषण का चुनाव कर उनको पश्चिम बंगाल की सत्ता सौंप देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा था कि राहुल के भाग्य में प्रधानमंत्री बनना नहीं लिखा है।