समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की गुरुवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, और इलाज के बाद वह वापस घर लौट आए।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अचानक उनके नाक से ब्लड आने के बाद आनन फानन में उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके अस्पताल पहुंचने से पहले की डॉक्टरों को मुलायम सिंह की तबीयत के बारे में सूचित कर दिया गया था। जैसे ही सपा नेता अस्पताल पहुंचे डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया और उनका इलाज किया गया। बता दें कि रूटीन चेकअप के लिए मुलायम सिंह पहले भी सिविल अस्पताल आते रहे हैं।
इससे पहले मुलायम सिंह यादव अपने रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आते रहते हैं। बीते कुछ महीनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भी भर्ती कराया गया था। अपने स्वास्थ्य के कारण वह संसद में भी बहुत कम उपस्थित हो पाते हैं। उनके स्वास्थ्य का हालचाल लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार उनके आवास पर पहुंच चुके हैं जबकि राजनाथ सिंह ने भी उनका हालचाल जाना है।
दरअसल, मुलायम सिंह को बढ़ते शुगर लेवल की शिकायत थी। उनका अचानक शुगर लेवल बढ़ जाने के कारण उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। गौरतलब है कि लोकसभा में शपथ लेने के दौरान भी मुलायम सिंह व्हीलचेयर पर ही पहुंचे थे और तय समय से पहले ही शपथ ली थी। वहीं वहीं जून में भी तबियत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया अस्पताल में भी भर्ती किया गया था।
आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पूरे देश में उग्र प्रदर्शन हो रहा है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने इस कानून की कड़ी आलोचना की है। विपक्ष की इस आलोचना के बीच समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने इस कानून का समर्थन किया है। अपर्णा यादव ने कहा कि जो भारत का है, उसे रजिस्टर होने में समस्या क्या है?