नई दिल्ली: लोकमत संसदीय पुरस्कार समारोह 2019 का आयोजन दिल्ली के आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया गया है। इस दौरान मैनपुरी संसदीय सीट से सांसद मुलायम सिंह यादव और राज्यसभा से सांसद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। हालांकि मुलायम सिंह निजी कारण और मनमोहन सिंह किसी व्यस्तता के चलते पुरस्कार लेने नहीं पहुंच सके।
इसमें उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सांसदों को सम्मानित किया। लोकमत पार्लियामेंटेरियन अवार्ड की इस तीसरी श्रृंखला में आठ सांसदों को सम्मानित किया गया। आठ अलग-अलग वर्गों में विभिन्न सांसदों के नाम का चयन शरद पवार की अध्यक्षता वाली नौ सदस्यीय निर्णायक समिति ने किया। इसके लिए चार सांसद लोकसभा और चार राज्यसभा से चुने गए।
मनमोहन सिंह और मुलायम सिंह के अलावा सर्वश्रेष्ठ सांसद के रूप में सौगत राय और तिरुचि शिवा को सम्मान मिला। सर्वश्रेष्ठ महिला सांसद के रूप में सुप्रिया सुले और कहकशां परवीन को पुरस्कृत किया गया। पहली बार संसद तक पहुंची महिला सांसद भारती प्रवीण पवार और विप्लव ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।
लोकसभा
1-लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड- मुलायम सिंह यादव
2-सर्वश्रेष्ठ सांसद- सौगत राय
3-सर्वश्रेष्ठ महिला सांसद- सुप्रिया सुले
4- प्रथम बार संसद पहुंची सर्वश्रेष्ठ महिला – भारती प्रवीण पवार
राज्यसभा
1-लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड- मनमोहन सिंह
2-सर्वश्रेष्ठ सांसद-तिरुचि शिवा
3-सर्वश्रेष्ठ महिला सांसद- विप्लव ठाकुर
4- प्रथम बार संसद पहुंची सर्वश्रेष्ठ महिला – कहकशां परवीन
इस समारोह में लोकसभा और राज्यसभा के चार-चार चुनिंदा सांसदों को सम्मानित किया गया। जिनका चयन शरद पवार की अध्यक्षता वाली 9 सदस्यीय चयन समिति द्वारा किया गया है। इस चयन समिति में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, सांसद सीआर पाटिल, सांसद एनके प्रेमचंद्रन, राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, नेटवर्क18 के ग्रुप एडिटर राहुल जोशी, लोकमत ग्रुप के चेयरमैन और विजय दर्डा, हिंदी हिंदुस्तान के मुख्य संपादक शशि शेखर और सुभाष सी कश्यप शामिल हैं।