नई दिल्ली: भारत सरकार ने देश छोड़कर फरार हुए रेप आरोपी नित्यानंद का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। साथ ही उसकी ओर से दी गई नए पासपोर्ट की अर्जी को भी खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये जानकारी दी है। रवीश कुमार ने बताया कि मंत्रालय ने विदेशों में स्थित सभी हाई कमीशन को भी नित्यानंद के बारे में सतर्क कर दिया है। उनको जानकारी दे दी गई है कि किस तरह के गंभीर अपराध के मामले उसके खिलाफ चल रहे हैं।
कई देशों की सरकारों को जानकारी
वहीं, भारत में विदेश मत्रालय ने नित्यानंद को लेकर कहा है कि वेबसाइट बनाना और देश का गठन , दोनों अलग हैं। विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, जैसे ही ऐसे मामले (देश से भागने) की जानकारी आती है तो सबसे पहले पासपोर्ट रद्द किया जाता है। कोई नया पासपोर्ट जारी नहीं किया जाता और दुनिया भर में भारतीय मिशनों के जरिए विभिन्न देशों की सरकारों को सूचित किया जाता है।
बता दें कि नित्यानंद की वेबसाइट पर कहा गया था कि नित्यानंद ने कथित तौर पर दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर से एक द्वीप खरीद कर अपना एक देश बसा लिया है। यही नहीं इस वेबसाइट पर देश की नागरिकता, पासपोर्ट समेत तमाम जानकारियां दी हैं।
साथ ही गुजरात पुलिस ने शुक्रवार को ही नित्यानंद का पता लगाने के लिए इंटरपोल से उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग करेगी। अधिकारी ने बताया, ‘इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग करने के लिए सीआईडी नोडल एजेंसी होती है।
अलग झंडा, तीन भाषाएं
इस देश का अपना तिकोना झंडा है, जिस पर परमशिव और नंदी का चित्र है और इसे ऋषभ ध्वज नाम दिया गया है। इसकी मुख्य भाषाएं अंग्रेजी, संस्कृत और तमिल हैं। वेबसाइट पर किए गए दावे के अनुसार नए देश की सरकार में आंतरिक सुरक्षा, रक्षा, कोषागार, वाणिज्य, आवास, मानवीय सेवाएं और शिक्षा जैसे विभिन्न मंत्रालयिक विभाग हैं।