पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को राजस्थान से राज्यसभा सदस्य चुन लिए गए। मनमोहन सिंह का चुनाव निर्विरोध हुआ है। चूंकि बीजेपी ने मनमोहन के खिलाफ कोई उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया था इसलिए उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की आखिरी तारीख बीतने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मनमोहन सिंह को राज्यसभा के लिए चुने जाने पर बधाई दी। कांग्रेस ने ट्वीट करके उनके निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘मैं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी को राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्विरोध चुने जाने पर बधाई देता हूं। डॉ. सिंह का चुना जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उनके व्यापक ज्ञान और समृद्ध अनुभव से राजस्थान की जनता को बहुत लाभ होगा।’
दोपहर 3:30 बजे राजस्थान विधानसभा सचिव ने उन्हें मनमोहन सिंह के राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र जारी किया। मनमोहन सिंह कांग्रेस पार्टी से फिलहाल इकलौते राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। प्रमाण पत्र ग्रहण करने के बाद राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों और डॉक्टर महेश जोशी ने खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा सिंह के लंबे अनुभव का लाभ राज्य में सरकार, कांग्रेस पार्टी और आमजन को भी मिलेगा।
कांग्रेस ने भी दी बधाई
इसी तरह कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से उनके निर्वाचन का प्रमाणपत्र साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘हम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई देते हैं। उनके ज्ञान के भंडार, कर्तव्य निष्ठा और वर्षों के अनुभव से सभी को लाभ होगा।’