नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आर्थिक मंदी के मुद्दे को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अब निवेशक भी मोदी सरकार से दूर रहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि चकाचौंध दिखा कर रोज 5 ट्रिलियन-5 ट्रिलियन बोलते रहने या मीडिया की हेडलाइन मैनेज करने से आर्थिक सुधार नहीं होता। विदेशों में प्रायोजित इवेंट करने से निवेशक नहीं आते।
एक और ट्वीट कर उन्होंने कहा, ‘मगर भाजपा सरकार इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर रही। आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में ये मंदी ‘स्पीड ब्रेकर’ है, इसको सुधारे बिना सब रंग-रोगन बेकार है।‘
इससे पहले प्रियंका ने आरोप लगाया था कि, ‘रोजगार देने की बात पर भाजपा सरकार के लोग मुँह फेर लेते हैं या कहते हैं कि उत्तर भारत के युवाओं में योग्यता नहीं है।उन्होंने कहा कि खबर के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आठवीं तक के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के करीब दो लाख पद रिक्त हैं।
मोदी सरकार पर एक बार फिर साधा प्रियंका गांधी ने निशाना
इसके पहले, प्रियंका गांधी ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि 5 साल में नई नौकरियां नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि नई नौकरियां नहीं आ रही हैं और देश पर छाए आर्थिक मंदी के हालात ने कईयों का रोजगार छीन लिया है। नौजवान रास्ता देख रहे हैं कि सरकार कुछ अच्छा करे। आप उत्तर भारतीयों का अपमान करके बच निकलना चाहते हैं। ये नहीं चलेगा।