नई दिल्ली: पीएम मोदी ने कहा कि जनता की आस्था से कोई सरोकार नहीं रखने वाले इन लोगों भाजपा को अपार समर्थन मिलता देखकर ‘अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है।
मोदी ने मथुरा, बुलंदशहर और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित ‘जन चौपाल’ को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सम्बोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव देखकर कृष्ण भक्ति का चोला ओढ़ने वाले लोग जब सरकार में थे तो वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन और नंदगांव को वे भूल ही गए थे, आज बीजेपी को अपार समर्थन देख इन लोगों को अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने हाल में कहा था कि भगवान कृष्ण रोजाना उनके सपने में आकर कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है।
पीएम ने कहा कि जो पहले सरकार में थे, उन्हें ना तो आप लोगों की आस्था से मतलब था और ना ही आपकी जरूरतों से, उनका सिर्फ एक ही एजेंडा रहा है, उत्तर प्रदेश को लूटो, उन्हें बस सरकार बनाने से मतलब रहा है।
इसीलिए आज वह सीएम योगी और भाजपा सरकार को पानी पी पी कर कोस रहे हैं, उत्तर प्रदेश का इन लोगों ने जो हाल बना दिया था, वह इन नकली समाजवादियों के कर्मों का कच्चा चिट्ठा है।
मोदी ने आरोप लगाया, ‘पिछली सरकारों के शासनकाल में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे राजमार्गों पर गाड़ी रोक कर लूटपाट करते थे और राजमार्गों पर ही महिलाओं और बेटियों के साथ क्या होता था।
यह बुलंदशहर के लोग अच्छी तरह से जानते हैं, तब उत्तर प्रदेश में घरों और दुकानों पर अवैध कब्जे होना आम बात थी, लोग अपना घर छोड़कर पलायन को मजबूर होते थे, आगरा के दंगों में आरोपियों के सिर पर किसका हाथ था, यह आप भली-भांति जानते हैं।