कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत लगभग तय मानी जा रही है। करीब 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता अध्यक्ष बनने की ओर बढ़ रहा है। उनकी उम्मीदवारी और जीत की संभावना के साथ एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूले को लेकर बात शुरू हो चुकी है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस की आंतरिक अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा भेज दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद से मल्लिकार्जुन खड़गे ने त्यागपत्र दे दिया है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति एक पद के तहत मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपना इस्तीफा भेजा है। मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। शुक्रवार को मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन किया था।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने करीब डेढ़ साल पहले फरवरी 2021 में राज्यसभा में नेता विपक्ष का पद संभाला था। पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद खड़गे को राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देना ही होता। अब खड़गे की जगह नया नेता विपक्ष बनना तय है। इस दौड़ में वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, दिग्विजय सिंह और केसी वेणुगोपाल सहित कई नेता शामिल हैं।
बता दें कि खड़गे ने 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल किया, जिसके बाद अब 17 अक्टूबर को अध्यक्ष पद का चुनाव होगा और 19 अक्टूबर को नतीजे सामने आएंगे। खड़गे का मुकाबला कांग्रेस नेता शशि थरूर से है। हालांकि खड़गे के पीछे गांधी परिवार का हाथ बताया जा रहा है।