नई दिल्ली: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के छह गैर-मुस्लिम समुदायों के लिए भारत अब घर है। ये लोग सालों से दर-बदर थे, जिन्हें मोदी सरकार ने सम्मान देने का काम किया है। नागरिकता कानून के विरोध को लेकर उन्होंने कहा, क्या उन्हें भारत की नागरिकता नहीं दी जानी चाहिये। अगर भारत में उन्हें जगह नहीं मिलेगी तो वो कहां जाएंगे।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने कश्मीर से 370 धारा हटाई। मुस्लिम बहनों को प्रताड़ना से बचाने के लिए तीन तलाक संबंधित कानून बनाया। नागरिकता कानून दोनों सदनों में पारित किया गया। इससे कांग्रेस समेत उनकी सहयोगी पार्टियों के पेट में दर्द होने लगा। नागरिकता कानून के खिलाफ देश में माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि संसद का शीतकालीन सत्र अब समाप्त हो चुका है और पार्टी का ध्यान संगठनात्मक चुनावों की ओर है। संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने और कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद अगले साल फरवरी में भाजपा के नए अध्यक्ष के कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि जेपी नड्डा झारखंड चुनाव में हैं और झारखंड में 30 नवंबर को पहले चरण का चुनाव हुआ था। अब तक चार चरण हो चुके हैं। पांचवे और आखिरी चरण के लिए 20 दिसंबर को कुल 16 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। जिसके लिए प्रचार जोरों पर है। 23 दिसंबर को चुनाव नतीजों का ऐलान होगा।