केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को घोषणा किया है कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का उद्घाटन 1 जनवरी, 2024 को किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा के दौरे पर हैं। अमित शाह ने एक जन सभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर का जिक्र क्या। इस दौरान अमित शाह ने जनसभा में बैठे लोगों से पूछा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए या नहीं बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि करीब 3 दशकों तक त्रिपुरा में वामपंथियों का शासन रहा, लेकिन वे राज्य की परेशानियां हल नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस देश से गायब हो गई, ठीक उसी तरह वामपंथी दुनिया से दूर हो गए।
अमित शाह बोले- 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान में भाजपा का अध्यक्ष था और राहुल बाबा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। वे रोज पूछते थे- मंदिर वहीं बनाएंगे तिथि नहीं बताएंगे। तो राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो 1 जनवरी 2024 को अयोध्या में गगनचुंबी राम मंदिर आपको तैयार मिलेगा।
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि हमें पांच साल और दे दीजिए, हम त्रिपुरा को छोटे राज्यों में सबसे समृद्ध बनाएंगे। उन्होंने लोगों से धारा 370 का जिक्र छेड़ते हुए कहा कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट 70 सालों से धारा 370 को गोद में बच्चे की तरह खिला रहे थे।
बता दें कि PM नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी थी। सुप्रीम कोर्ट ने 2019 में दशकों पुराने मुद्दे का समाधान करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग रास्ता साफ किया था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक एक ट्रस्ट बनाकर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था।