उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव गुरुग्राम के मेदांता के आईसीयू में भर्ती हैं। पूरा देश और प्रदेश उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई में भी लोग अपने नेता जी के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
मीडिया सूत्रों के जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने बीती रात फोन करके अखिलेश यादव से बातचीत की और उनके पिता का हाल भी जाना है। पीएम ने ये भी कहा कि जो भी संभव सहायता की जरूरत होगी उसके लिए वे मौजूद हैं। मुलायम सिंह की तबीयत खराब होने के बाद अखिलेश यादव मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव मेदांता अस्पताल गुड़गांव में मौजूद है। वहीं शिवपाल यादव भी अस्पताल में मौजूद बताए जा रहे है। वहीं समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि नेताजी से मिलना और अस्पताल के अंदर जाना संभव नहीं है। इसलिए आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल न आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी समय समय पर दी जाती रहेगी।
उत्तर प्रदेश देवरिया जिले के बरहज विधानसभा में सपाईयों ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के लिए पूजा अर्चना की। सपाईयों ने बरहज के प्रसिद्ध मंदिर काली मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विजय रावत और सपा कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए कामना की।