दिल्ली में जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। गुरुवार दोपहर पहलवानों की खेल मंत्रालय के साथ मीटिंग के बाद विनेश फोगाट ने कहा कि हमें कोई संतोषपूर्ण जवाब नहीं मिला है। हम WFI अध्यक्ष का इस्तीफा चाहते है। हम चाहते हैं कि WFI को भंग किया जाए। हम आज रात तक का इंतजार कर रहे हैं। हमें मजबूर किया गया तो हम FIR भी दर्ज करवाएं, सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जेल में डलवाएंगे।
विनेश का कहना है कि प्रधानमंत्री से उत्पीड़न की शिकायत करने के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे पहले, टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया ने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण सिंह पहलवानों को थप्पड़ मारते थे और उनके साथ अक्सर दुर्व्यवहार करते थे।
पहलवानों ने कहा कि उनके पास कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उनके साथ 5-6 लड़कियां हैं, जिनका यौन शोषण हुआ है और इसे साबित करने के लिए सबूत भी हैं, लेकिन वह सबूत सार्वजानिक नहीं करना चाहते हैं। इस बीच पहलवानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। पहलवानों ने यह भी कहा है कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल भिजवाकर रहेंगे।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट बृजभूषण सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि अगर मुझ पर लगे आरोप सही साबित हुए तो फांसी पर लटक जाऊंगा। बृजभूषण सिंह का कहना है कि मेरे खिलाफ साजिश हो रही है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष हैं। वे 2011 से इस पद पर बने हुए हैं। छह बार के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा, कैसरगंज और बलरामपुर निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया है।