रांची: हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली इस दैरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हमेंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष की एकजुटता देखने को मिली है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित मंच पर सीताराम येचुरी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद हैं। बता दें कि रांची के मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें तमाम गेस्ट मंच पर पहुंचे थे।
कांग्रेस की तरफ से विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने मंत्री पद की शपथ ली। आलमगीर आलम पाकुड़ सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। उरांव लोहरदग्गा सीट से विधायक हैं। राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। भोक्ता चतरा सीट से विधायक है। राजद ने इस चुनाव में एक सीट जीती है। इस प्रकार विधानसभा चुनावों में चुनाव पूर्व के गठबंधन में शामिल तीनों दलों के प्रतिनिधि आज मंत्रिपद की शपथ ग्रहण की।
राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड की नई सरकार को शुभ कामनाएं दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें विश्वास है कि झारखंड की नई सरकार सभी नागरिकों के विकास के लिए काम करेगी, और राज्य में शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा।
पिता से आशीर्वाद लेने से पहले कार्यकर्ताओं से की अपील
मोरहाबादी स्थित शिबुसोरेन के आवास के बाहर गठबंधन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। जैसे हेमंत सोरेन यहां पहुंचे, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद हेमंत कार से उतरे और पिता शिबुसोरेन के आवास के अंदर जाने से पहले हेमंत सोरेन ने सधे हुए नेता की तरह अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे यहां भीड़ के रूप में न खड़े रहे,बल्कि वे मोरहाबादी मैदान स्थित बने शपथ ग्रहण समारोह पर पहुंचे।