एक महिला कोच ने हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के लिए शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। संदीप सिंह पर महिला कोच ने पीछा करने, अवैध रूप से बंधक बनाने, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उनके ऊपर FIR दर्ज की गई।
संदीप के खिलाफ खेल विभाग की जूनियर महिला कोच ने शिकायत की थी। जिसमें खेल मंत्री पर उसके साथ छेड़छाड़ करने और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। चंडीगढ़ के सेक्टर 26 पुलिस थाने में दर्ज केस में IPC की धारा 354, 354ए, 354 बी, 342 और 506 लगाई गई है। चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक केस दर्ज करने के बाद इसकी जांच की जा रही है।
हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह और जूनियर महिला कोच विवाद मामले में हरियाणा के DGP ने SIT कर दी है। इसमें आईपीएस ममता सिंह और समर प्रताप सिंह के साथ एचसीपी राजकुमार कौशिक शामिल हैं। डीजीपी की ओर से SIT को निर्देश दिए गए हैं कि वह महिला कोच के आरोपों की बिंदुवार तरीके से चांच करें और जल्द से जल्द इस मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाए।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए संदीप सिंह ने कहा, उनकी जानबूझकर छवि खराब की जा रही है। मुझे उम्मीद है कि मुझ पर लगाए गए झूठी आरोपों की गहन जांच होगी। मैं जांच रिपोर्ट आने तक खेल विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री को सौंपता हूं। उधर मामले की जांच सही तरीके से कराने के लिए महिला कोच ने हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज से अंबाला में मुलाकात की। इस दौरान पीड़िता ने गृह मंत्री को आप बीती सुनाई।