नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं, ऐसे में भाजपा जहां ध्रुवीकरण के सहारा ले रही है वहीं कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लोगों से अपील की है कि अगर वे बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान में विश्लास रखते हैं उन्हें भाजपा के खिलाफ वोट करना चाहिये।
नैनिताल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हरीश रावत ने कहा कि इस बार चुनाव व्यक्तित्वों के बीच में कम है सिद्धांतों के बीच में ज्यादा है। इस बार के चुनाव में बाबा साहेब अंबेडकर का बनाया हुआ संविधान और भारतीय संविधान के अनुसार स्थापित संस्थाओं का अस्तित्व खतरे में है। इस चुनाव का नारा “लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ” होना चाहिए। और जो लोग भी बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान में विश्वास रखते हैं उनका वोट भाजपा के खिलाफ जाना चाहिए।
उन्होंने सेना को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति पर भी भाजपा पर हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि घमंड की भी सीमा होती है। भारतीय सेना हमारा गर्व है, सामूहिक गर्व है, राष्ट्रीय गर्व है। भाजपा के लोग भारतीय सेना को अब मोदी की सेना कहने लग गए हैं, ये सेना का अवमूल्यन है, अपमान है।
हरीश रावत ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी द्वारा 2014 में जनता से किए गए 2 करोड़ रोजगार हर साल,15 लाख, कालाधन लाने जैसे अनेक वादों की वादाखिलाफी से त्रस्त जनता अब परिवर्तन के संदेश के साथ भाजपा को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।