बलात्कार के केस में सजायाफ्ता डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली है। जिसके बाद वह उत्तर प्रदेश के बरनावा में डेरा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचा।
रोहतक स्थित सुनारिया जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद गुरमीत राम रहीम ने हरियाणा के आदमपुर में होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनावों से पहले इशारों-इशारों में अपने श्रद्धालुओं के लिए एक चुनावी संदेश जारी किया है।
बरनावा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचते ही डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने अनुयायियों को संदेश दिया। उसने सभी अनुयायियों को बधाई दी और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की कोई भगदड़ नहीं करने की अपील की।
गुरमीत राम रहीम डेरा के सिरसा स्थित मुख्यालय में अपने आश्रम पर दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के दोष में 20 साल कारावास की सजा भुगत रहा है। उसे अगस्त 2017 में पंचकूला में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। गुरमीत राम रहीम को 2002 में डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के लिए भी पिछले साल चार अन्य लोगों के साथ दोषी ठहराया गया था।
फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की परोल मंजूर की गई थी। इस दौरान सरकार ने राम रहीम की जान का खतरा बताते हुए उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा भी मुहैया करवाई थी। परोल के दौरान राम रहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहे। सरकार ने सुरक्षा का आधार एडीजीपी की रिपोर्ट को बनाया था।