नई दिल्ली: कांग्रेस की ओर से रविवार को दिल्ली में आयोजित जन आक्रोश रैली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने वादे पूरे करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है और ऐसे में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता देश को बेहतर बनाने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का सहयोग करें।
मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार अपने हर वादे को पूरा करने में विफल रही है। चार साल पहले जो वादे किए थे वो आज तक पूरे नहीं हुए। मोदी सरकार जिस तरह से काम कर रही है इससे देश में लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई बहुत बढ़ गई है। नौजवान नौकरी नहीं मिलने से परेशान हैं। दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। इस पर मोदी सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कच्चे तेल की कीमत घट गई लेकिन पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं और सरकार इसे कम नहीं कर रही है। मनमोहन सिंह ने दावा किया कि लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा होने और रोजगार के अवसर खत्म होने की वजह से देश के सभी वर्गों में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि आज ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जिसमें संस्थाओं का अपमान हो रहा है। संसद को चलने नहीं दिया जा रहा है और सबने देखा किस तरह से बजट पास किया गया।
उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि हम देश को बेहतर बनाने में राहुल गांधी का सहयोग करें। मनमोहन सिंह ने कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोग हजारों करोड़ लेकर भाग गए। इससे बैंक कमजोर हो गए हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है। इससे पहले कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा – चार साल में सरकार ने देश को जिस तरह से नुकसान पहुंचाया है, उससे सभी दुखी हैं।