लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तर प्रदेश में हर पार्टी तैयारियों में लग गई है। बीजेपी के बाद कांग्रेस ने भी अब अपने संगठन को लेकर काम करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद लम्बे समय बाद यूपी कांग्रेस के नए अध्यक्ष की घोषणा हो गई है।
बसपा से सांसद लोकसभा व राज्यसभा रहे बृजलाल खाबरी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष होंगे। उनके साथ ही पूर्व मंत्री नकुल दुबे, विधायक वीरेंद्र चौधरी, अनिल यादव, योगेश दीक्षित, पूर्व विधायक अजय राय व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी को प्रांतीय अध्यक्ष बनाया गया है। खाबरी ने 2017 और 2022 में यूपी विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, दोनों चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। वे दोनों बार ललितपुर जिले की महरौनी से मैदान में उतरे। खाबरी को बीजेपी के मनोहर लाल पंथ ने हराया था। मन्नू को यूपी सरकार में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जालौन के खाबरी उरई के रहने वाले हैं।
बता दें कि खाबरी ललितपुर के महरौनी सीट से और उनकी पत्नी उर्मिला देवी सोनकर खाबरी ने भी कांग्रेस के टिकट पर जालौन के उरई विधानसभा सीट पर ताल ठोंकी थी। दोनों लोग चुनाव हार गए और जमानत जब्त हो गई थी। बृजलाल खाबरी 4,334 वोट के साथ महरौनी सीट पर चौथे स्थान पर रहे, वहीं उनकी पत्नी 4,650 मत के साथ उरई सीट पर चौथे स्थान पर रहीं।