पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन हो गया है। बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का निधन हो गया है। बता दें कि कुछ देर पहले ही उन्होंने ट्वीट कर सरकार को बधाई दी थी।
दरअसल, तबीयत खराब होने के फौरन बाद सुषमा स्वराज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी AIIMS में मौजूद हैं। अभी अस्पताल में सुषमा स्वराज के पति और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं।
अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने पर बधाई दी थी। उन्होंने अपने आखिरी ट्वीट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी- आपका हार्दिक अभिनन्दन। मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।’ संयोग देखिए कि इस ट्वीट के कुछ घंटे बाद ही उनके निधन की खबर आई।
प्रखर वक्ता और विदुषी के रूप में पहचान बनाने वाली सुषमा स्वराज मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री थीं। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी मंत्री रही थीं। उससे भी पहले 1977 में केंद्रीय मंत्री बनी थीं और सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री का रिकॉर्ड बनाया था। 16वीं लोकसभा में वह मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद चुनी गई थीं। इस बार उन्होंने खराब स्वास्थ्य की वजह से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था।