कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए मना करते करते मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अध्यक्ष पद का दावा पेश करने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। इधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर हालात स्पष्ट होते नजर नहीं आ रहे हैं। केरल से सांसद शशि थरूर की तरफ से भी नामांकन दाखिल करने का ऐलान किया जा चुका है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आज पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे, जिसके बाद वह केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण से नामांकन पत्र लेंगे, सभी औपचारिकताएं पूरी करेंगे। दिग्विजय सिंह 30 सितंबर को अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे क्योंकि सीईए अध्यक्ष फिलहाल दिल्ली से बाहर हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ केरल में भारत जोड़ो यात्रा में मौजूद मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का अचानक बुधवार को दिल्ली लौटना बड़ा सन्देश दर्शा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार सोनिया गांधी और अशोक गहलोत की बैठक में राजस्थान के घमासान को लेकर पैदा हुए संकट का समाधान नहीं निकला तो दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी की वैकल्पिक योजना का हिस्सा हैं।
वहीं दूसरी ओर, राजस्थान कांग्रेस में मचे घमासान का हल करने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी बुधवार देर रात दिल्ली पहुंच गए। ऐसे में आज उनकी सोनिया गांधी से मुलाकात हो सकती है।