चिन्मयानंद पर अपहरण का आरोप लगाने वाली लड़की ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। लड़की ने आरोप लगाया कि स्वामी चिन्मयानंद ने उसका रेप किया और एक साल तक शारीरिक शोषण किया। अपने चेहरे को काले कपड़े से ढककर मीडिया के सामने आई लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि शाहजहांपुर पुलिस चिन्मयानंद के खिलाफ रेप केस नहीं दर्ज कर रही है।
लड़की ने आरोप लगाया, ‘चिन्मयानंद ने मेरा रेप किया और उसके बाद एक साल तक शारीरिक शोषण किया। शाहजहांपुर पुलिस ने रेप केस नहीं दर्ज किया। मैं जब दिल्ली में थी तब दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर उसे शाहजहांपुर पुलिस को फॉरवर्ड किया था, मगर वह अब भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।’ उसने आगे बताया, ‘रविवार को एसआईटी ने मुझसे करीब 11 घंटे पूछताछ की। मैंने उन्हें रेप के बारे में बताया। उन्हें बताने के बाद भी अब तक चिन्मयानंद को नहीं गिरफ्तार किया गया है।’
एएसपी सिटी शाहजहांपुर, दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि दुष्कर्म के आरोप का मामला संज्ञान में नहीं है। हो सकता है कि दिल्ली में शिकायत दर्ज हुई हो। अगर ऐसा है तो यह मामला एसआइटी को भेजा जाएगा।
छात्रा के पिता के अनुसार, साउथ दिल्ली थाने में तहरीर दी गई। उसे रिकॉर्ड में लेते हुए जीडी (जनरल डायरी) में तहरीर के बाबत जानकारी दर्ज की गई। चूंकि एसआइटी जांच कर रही इसलिए बयान दर्ज होने के बाद अब इस टीम के निर्देश पर ही मुकदमा दर्ज होगा। जोकि शाहजहांपुर की चौक कोतवाली में लिखाया जा सकता है। छात्रा इसी क्षेत्र की रहने वाली है।
दिल्ली में दी तहरीर
24 अगस्त को फेसबुक पर वीडियो वायरल कर छात्रा ने स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाए और लापता हो गई थी। 27 अगस्त को पिता ने चौक कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि स्वामी चिन्मयानंद ने उनकी बेटी व अन्य छात्राओं का शारीरिक शोषण-दुष्कर्म किया और गायब करा दिया। लेकिन पुलिस ने मुकदमा केवल अपहरण का ही दर्ज किया था। इसीलिए छात्रा ने दिल्ली में तहरीर दी।