नालंदा.नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि देश का यह पहला चुनाव है, जिसमें भाजपा हार की डर से साजिश के तहत राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को जेल भेजने के बाद मैदान में उतरी। भाजपा हमेशा से राजद अध्यक्ष से डरती रही है। उसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुझसे डरते हैं। केंद्र और राज्य दोनों सरकारें तानाशाही के बदौलत शासन कर रही हैं। समाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वालों को जेल भेज-भेजकर जनता के ऊपर अपने आदेशों को थोप रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में इमरजेंसी जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। संविधान और आरक्षण दोनों के ऊपर खतरा मंडरा रहा है। महागठबंधन यह चुनाव संविधान और आरक्षण के साथ-साथ गरीब गुरबों के अधिकारों को बचाने के लिए लड़ रहा है। पूरा देश भाजपा के विरोध में खड़ा है। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि ज्यादा दिनों तक ये लोग लालू प्रसाद को जेल में नहीं रख सकते। जनता अब न्याय के मूड में है। जो 23 तारीख को अपना फैसला सुनाने जा रही है। तेजस्वी यादव ने बुधवार को बक्सर के ब्रह्मपुर, सासाराम के अकोढ़ीगोला, शिवनगर, जहानाबाद के मखदुमपुर व नालंदा के बिहारशरीफ में महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा कर वोट देने की अपील की।
भाजपा षड्यंत्रकारी पार्टी
कांग्रेस उम्मीदवार मीरा कुमार के लिए चुनाव प्रचार करने सासाराम गए तेजस्वी यादव ने भाजपा को षड्यंत्रकारी पार्टी की संज्ञा दी। कहा- सत्ता में बने रहने के लिए इस पार्टी के लोग सभी हदों को पार कर जाते हैं। शराबबंदी कानून पर तंज कसते हुए कहा कि यह बिहार में शराब माफियाओं को मौज करने के लिए बनी है। अब दो सौ रुपए की शराब पंद्रह सौ रुपए में होम डिलीवरी हो जाती है। यहां तक कि राज्य के बड़े-बड़े नेता व अधिकारी भी इस काम में कहीं न कहीं संलिप्त हैं। फिर भी सरकार शराबबंदी के सफल होने का ढिंढोरा पीट-पीटकर अपनी पीठ खुद थपथपा रही है।
तेजस्वी ने कहा- सासाराम व काराकाट दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत लगभग तय है। हमलोग जीत के अंतर को बढ़ाने के लिए आप के बीच में आ रहे हैं। इस बार केंद्र व राज्य दोनों जगहों से एनडीए की सरकार को उखाड़ फेंकना है।