गुजरात में विधानसभा चुनाव तिथियों का ऐलान हो गया है। गुजरात में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर 2022 को मतदान होंगे। वहीं, चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार दिल्ली के आकाशवाणी भवन के रंग भवन ऑडिटोरियम में प्रेस कांफ्रेस को संबोधित किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि मोरबी की घटना के पीड़ितों के प्रति हम दुख जताना चाहते हैं। उनको हम श्रद्धांजलि देते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में 4.91 करोड़ मतदाता हैं, इनमें से 4.61 लाख नए वोटर हैं। इनमें से 9.87 लाख मतदाता 80 साल से ज्यादा के हैं। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। 18 फरवरी 2023 को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। गुजरात में 15वीं विधानसभा के चुनावों का नतीजा 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ ही आएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कांग्रेस के ईवीएम पर सवाल उठाने का आज जवाब दिया है। राजीव कुमार ने कहा कि हमारे परिणाम वास्तव में शब्दों से अधिक बोलते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव के परिणामों से पता चला है कि जो भी लोग आलोचना करते हैं उन्हें उनके पक्ष में आश्चर्यजनक परिणाम भी मिले हैं।
बता दें कि इससे पहले चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश चुनाव की तारीखों के साथ गुजरात चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की थी। हालांकि, गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे हिमाचल प्रदेश के साथ 8 दिसंबर को ही आएंगे। चुनाव आयोग ने 14 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक चरण में वोटिंग होगी।