मध्यप्रदेश के जबलपुर में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। आसपास के कई जिलों में भी लोगों को झटका महसूस हुआ। जबलपुर कलेक्टर के मुताबिक जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मंगलवार की सुबह लगभग पौने नौ बजे जबलपुर में भूकंप का झटके महसूस किए गए।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश के जबलपुर और इसके आसपास के जिलों में सुबह करीब 08:43 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनका केंद्र पचमढ़ी से 216 किमी दूर 10 किमी गहराई में था। इससे पहले मंगलवार सुबह अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
भूकंप के झटके जबलपुर के सिविल लाइन, पनागर, मेडिकल सहित कई इलाको में महसूस किए गए। मेडिकल अस्पताल में मरीज और उनके परिजन वार्ड से बाहर आ गए। जबलपुर भूकंप वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार भूस्थानिक केंद्र 22.73 डिग्री उत्तर अक्षांश, 81.11 डिग्री पूर्व देशांतर डिंडोरी, मध्य प्रदेश में 4.3 तीव्रता का मध्यम भूकंप दर्ज हुआ है, जिसका हाइपोसेंटर 10 किमी गहराई पर था। प्रभावित जिले – डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, अनूपपुर, बालाघाट और उमरिया है।
बता दें, जबलपुर भूकंप को लेकर संवेदनशील जोन में आता है. यहां लगातार भूकंप के झटके लगते हैं। 1 नवंबर के पहले 21 जून 2022 को भी लगभग 3.4 की तीव्रता से अर्थक्वेक रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, अगर याद हो तो साल 1997 में 22 मई को 6.2 रिक्टर स्केल की तीव्रता से भूकंप आया था, जिसमें काफी जानमाल का नुकसान हुआ था।