आगरा: खतरनाक और जानलेवा कोरोना वायरस (Coronavirus) का असर फैलने के बाद देशभर में अलर्ट है। स्कूलों और कॉलेजों के बाद अब टूरिस्ट प्लेस और ऐतिहासिक धरोहरों को भी बंद किया जा रहा है। इसी क्रम में दुनिया के अजूबों में शामिल ताजमहल को भी बंद कर दिया गया है।
1631 से 1648 के बीच बनाया गया ताजमहल अब तक सिर्फ दो बार बंद किया गया था। अब कोरोना (Covid-19) के चलते ताजमहल को तीसरी बार बंद किया गया है।
ये भी पढ़ें: सैफ अली खान के हाथ से चला गया था 800 करोड़ कीमत का पटौदी पैलेस, कैसे लिया वापस?
यूपी के आगरा में स्थित ताजमहल को इसकी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। देश-विदेश से लोग ताजमहल देखने आते हैं। औसतन 10 हजार लोग हर दिन ताजमहल देखते हैं। हालांकि, कोरोना फैलने के बाद भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के भारत आने पर रोक लगा दी है।
इसी के चलते ताजमहल आने वालों की संख्या भी तेजी से गिरी है। अब संस्कृति मंत्रालय ने लगभग 200 ऐतिहासिक धरोहरों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
2020 से पहले ताजमहल सिर्फ दो बार बंद किया गया है। पहली बार सन 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के समय ताजमहल को एक हफ्ते से ज्यादा वक्त के लिए बंद किया गया था।
दूसरी बार सन 1978 में बाढ़ आने पर इसे एक-दो दिनों के लिए बंद किया गया था। मुगल शासक शाहजहां के शासनकाल में बना ताजमहल यमुना नदी के ठीक किनारे पर स्थित है।
ताजमहल के अलावा भारत की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे कुतुबमीनार, लालकिला और महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट को भी बंद कर दिया गया है। आगरा में ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, एत्माद्दौला, आगरा किला, सिकंदरा, महताब बाग समेत स्मारक बंद रहेंगे।
वहीं, देश के प्रमुख स्मारकों में कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, अजंता-एलोरा की गुफाओं समेत 200 से ज्यादा ऐतिहासिक स्मारकों, पुरातत्व स्थलों और संग्रहालयों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
कोरोना वायरस के मामले भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में अब इसकी वजह से कुल मौतों की संख्या तीन हो गई है जबकि 126 लोग इससे संक्रमित हैं। गौर करने वाली बात तो यह है कि कोरोना की तेज गति ने देश के साथ-साथ दुनिया की रफ्तार को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
मॉल्स, सिनेमाघर, स्कूल-कॉलेज के बाद मंदिरों के कपाट भी बंद होने लगे हैं। उधर, महाराष्ट्र सरकार बढ़ते मामलों को देखते हुए कैबिनेट मीटिंग में लोकल ट्रेन और बस बंद करने पर विचार भी कर सकती है।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश सरकार संकट: फ्लोर टेस्ट कैंसल, सुप्रीम कोर्ट पहुंचे शिवराज सिंह चौहान
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, केरल के तीन मरीजों सहित कुल 13 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। वायरस से संक्रमित 3 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
संक्रमित 126 लोगों के सम्पर्क में आए 52,000 से अधिक लोगों की पहचान हो चुकी है।
वायरस को देखते हुए रेल यात्रियों को इस संक्रमण की आशंका के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और 182 पर इसकी जानकारी देने पर तत्काल मदद मिलेगी।