कांग्रेस और राहुल गाँधी द्वारा चलाया जा रहा भारत जोड़ो यात्रा का आज कर्नाटक चरण पूरी तरह से समाप्त हो गया। इसके बाद आज यात्रा तेलंगाना में प्रवेश किया।
लोकसभा सदस्य एवं तेलंगाना में पार्टी मामलों के प्रभारी मणिकम टैगोर, कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और पार्टी के कई नेताओं ने गांधी का स्वागत किया। यात्रा के तेलंगाना में प्रवेश करते समय कृष्णा नदी पर बने पुल पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अब तक करीब 1100 किमी से ज्यादा सफर तय कर चुका है। बताया जा रहा है कि दीवाली को देखते हुए यात्रा 24 और 25 अक्टूबर को नहीं होगी, जबकि 26 अक्टूबर को कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपना कार्यभार संभालेंगे। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय पर खास समारोह का आयोजन किया गया है। माना जा रहा है कि इसमें राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।
यात्रा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत को एकजुट करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस नफरत और हिंसा फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह यात्रा उनकी विचारधारा, हिंसा और नफरत के खिलाफ है।’ उन्होंने लोगों को उनकी जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया और सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा के लिए तीन दिन के ब्रेक की घोषणा की।