राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने का अपना फैसला नहीं बदलने के बाद कांग्रेस में बड़े पैमाने पर इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी के कई नेताओं ने लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफे दिए हैं, ताकि राहुल गांधी स्वतंत्र रूप से अपनी नई टीम चुन सकें। सबसे पहले गुरुवार रात को कांग्रेस के कानून और आरटीआई सेल के चेयरमैन विवेक तन्खा ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया। इसके बाद शुक्रवार को इस्तीफों की झड़ी लग गई जिसमें दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कई नेताओं ने भी अपने पदों से इस्तीफे दे दिए।
शुक्रवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली से पार्टी उम्मीदवार रहे दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरिश चंडोकरने ने भी पद से इस्तीफा दे दिया। इनके अलावा हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रमुख सुमित्रा चौहान, मेघालय से पार्टी महासचिव नेट्टा पी. संगमा, सचिव वीरेंद्र राठौर, छत्तीसगढ़ के सचिव अनिल चौधरी, मध्य प्रदेश के सचिव सुधीर चौधरी और हरियाणा के सचिव सत्यवीर यादव ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
