कांग्रेस नेता उदित राज ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर विवादित बयान दिया है। उदित राज के इस बयान की आलोचना हो रही है और वह इस मामले में बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। इस पूरे मामले पर विवाद बढ़ता देख उदित राज ने कहा है कि यह उनका निजी बयान है कांग्रेस पार्टी का नहीं। वहीं बीजेपी ने कहा कि यह पहली बार राष्ट्रपति के लिए कांग्रेस की ओर से नहीं किया गया है इसके पहले भी कांग्रेस पार्टी के नेता ऐसा कर चुके हैं।
कांग्रेस नेता ने एक ट्वीट करके कहा था, ‘द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद्द है । कहती हैं 70% लोग गुजरात का नमक खाते हैं । खुद नमक खाकर ज़िंदगी जिएं तो पता लगेगा।’ इसपर भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, उदित राज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है वे काफी चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। हालांकि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले अधीर रंजन चौधरी भी ऐसी ही भाषा बोल चुके हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस की मानसिकता आदिवासी विरोधी है।
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हाल ही में दो दिन के गुजरात दौरे पर गई थीं। इस दौरान उन्होंने साबरमती आश्रम पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि दी थी। इसके बाद उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि गुजरात में देश का 76 फीसदी नमक बनाया जाता है। यह कहा जा सकता है कि सभी देशवासी गुजरात का नमक खाते हैं।