पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल अपने हालिया बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पाटिल ने कहा है कि जिहाद सिर्फ कुरान में नहीं है, बल्कि गीता में भी जिहाद है।
उन्होंने एक कार्यक्रम में कह दिया कि गीता में भी भगवान कृष्ण ने अर्जुन को जिहाद की सीख दी थी। इसको लेकर भाजपा हमलावर हो गई है और कांग्रेस को हिंदू विरोधी बताते हुए जवाब मांग रही है। ऐसे समय में जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और मंदिरों में भी जा रहे हैं, तब इस तरह का विवाद कांग्रेस के लिए नई मुश्किलें पैदा करने वाला है।
इस पर सफाई देते हुए पाटिल ने ANI कहा कि ज़िहाद सच बोलने वालों को मारने के लिए किया जाता है। यदि आप महात्मा गांधी को मारते हैं तो यह ज़िहाद है। पाटिल ने इन आरोपों को खारिज किया कि भगवान कृष्ण ने ज़िहाद का पाठ पढ़ाया। उन्होंने संवाददाताओं से पूछा कि महात्मा गांधी की हत्या किसने की? यह पूछे जाने पर कि क्या वह ज़िहादी था, उन्होंने कहा कि उस हत्या को करना ज़िहाद था।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई की जीवनी के विमोचन पर बोलते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल ने कहा था, ऐसा कहा जाता है कि इस्लाम धर्म में जिहाद की बहुत चर्चा है। यह अवधारणा तब सामने आती है जब सही इरादे और सही काम करने के बावजूद कोई नहीं समझता, तब कहा जाता है कि कोई बल प्रयोग कर सकता है।