यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को त्रिपुरा में बिना नाम लिए ही राहुल गांधी पर कई हमले किए। एक दिन पहले राहुल गांधी द्वारा किए गए वार का भी सीएम योगी ने आक्रामक पलटवार किया।
योगी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। यहां तक कहा कि कांग्रेस का अस्तित्व ही अब मिटने के करीब पहुंच गया है। राहुल गांधी ने सोमवार को योगी पर हमला करते हुए कहा था कि यूपी में अधर्म हो रहा है। राहुल गांधी ने सीएम योगी को ठग भी बताया था।
सीएम योगी ने कहा, कांग्रेस राम, कृष्ण के अस्तित्व को नकारती रही है। कांग्रेस ने रामसेतु का हमेशा विरोध किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘काम पहले भी हो सकता था, लेकिन कम्युनिस्टों ने नहीं किया। कांग्रेस ने भी नहीं किया क्योंकि विकास उनके एजेंडे में नहीं था। घुसपैठ करवाते थे, यहां सुरक्षा में सेंध लगवाते थे।
योगी ने कहा कि जिस कांग्रेस का ठगने का इतिहास रहा है, वही कांग्रेस अब कम्युनिस्टों के साथ आयी है। सतर्क रहन होगा। कांग्रेस आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ करती है। कांग्रेस, राम मंदिर का विरोध करती थी। रामसेतु को तोड़ना चाहती थी। कांग्रेस मथुरा में जन्मभूमि पर सवाल उठती थी। 2G घोटाला, कोयला घोटाला, यह घोटाला कांग्रेस हैं।
दरअसल राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि बीजेपी देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य में जो कर रही है वो धर्म नहीं, अधर्म है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी को अगर हिंदू धर्म समझ आता तो वह जो करते हैं वो नहीं करते। वह अपने मठ का अपमान कर रहे हैं। वह धार्मिक नेता नहीं, बल्कि एक मामूली ठग हैं।