कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को बड़े मार्जिन से हराया। नामांकन के एक दिन पहले मैदान में उतरे मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को अध्यक्ष पद के चुनाव में हरा दिया। खड़गे से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे थे लेकिन राजस्थान में हुए सियासी ड्रामे के बाद गहलोत ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।
खड़गे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। खड़गे को को 7,897 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया।
24 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से हैं। बता दें कि इसी सोमवार को देशभर में कांग्रेस के 9 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों ने अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वोट डाला था।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर खड़गे की जीत का जश्न शुरू हो चुका है। खड़गे के समर्थक ढोल नगाड़ों के साथ उनकी जीत को सेलिब्रेट कर रहे हैं। जीत के बाद खड़गे से मिलने सचिन पायलट, गौरव गोगोई, तारिक अनवर जैसे नेता पहुंचे हैं। इनके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके घर पहुंचे हैं। खड़गे खिलाफ चुनाव लड़ रहे शशि थरूर ने भी उन्हें जीत की बधाई दी।