राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कर्नाटक के बेल्लारी के पास हादसा हो गया। कांग्रेस की इस यात्रा में शामिल चार कार्यकर्ताओं को करंट लग गया। सभी को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार्यकर्त्ताओं का हाल जानने राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कर्नाटक के बेल्लारी से यात्रा की शुरुआत हुई।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कर्नाटक के बेल्लारी से यात्रा की शुरुआत हुई। यहां से यात्रा मौका नामक स्थान पर पहुंची। यात्रा में शामिल कुछ कार्यकर्ता पार्टी का झंडा और लोहे की छड़ पकड़े हुए थे। इनमें से ही 4 लोग करंट की चपेट में आ गए। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि मौके पर मौजूद एंबुलेंस के डॉक्टर्स ने शुरुआती इलाज किया और घायलों को अस्पताल रेफर कर दिया।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा है कि, ‘राहुल गांधी ने सिविल अस्पताल, न्यू मोका, बल्लारी का दौरा किया और यात्रा में दुर्घटना के दौरान बिजली का झटका लगने वाले सभी मित्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। भारत जोड़ो यात्रा की भावना प्रेम और करुणा के साथ एक-दूसरे की देखभाल करना है। राहुल जी पर गर्व है।’
इस यात्रा के दौरान राहुल 12 राज्यों से गुजरकर 3,570 किलोमीटर लंबी दूरी तय करने वाले हैं। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण, राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रहे हैं।