हिमाचल प्रदेश के CM सुखबिंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में पुरानी पेंशन स्कीम को फिर से लागू करने की घोषणा कर दी है। CM सुखबिंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। हिमाचल में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में पुरानी पेंशन स्कीम बड़ा मुद्दा बन गया था।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को ट्विटर पर OPS लागू होने की घोषणा की। उन्होंने लिखा, कांग्रेस की विचारधारा प्यार, भाईचारे और सच्चाई की मिसाल है। आज लोहड़ी के शुभ अवसर पर मुझे हिमाचल के कर्मचारियों की लंबित मांग OPS को बहाल करते हुए बहुत खुशी हो रही है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि कर्मचारी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हिमाचल के विकास में अपना पूर्ण सहयोग देंगे।
कैबिनेट खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने सचिवालय के बाहर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अर्की में मैंने पहली बार कहा था कि OPS बहाल करेंगे। पिछले दिनों अधिकारी पैसा नहीं होने की बात कहकर इसमें अड़चन डालते रहे, लेकिन मैंने अपना फार्मूला दिया। पेंशन कर्मचारियों का हक था। कांग्रेस ने अपने वादे के मुताबिक OPS बहाल कर दी है। उन्होंने कहा कि आज ही ओपीएस बहाली की अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी।
कैबिनेट ने महिलाओं को प्रतिमाह 1500-1500 रुपये देने और बेरोजगारों को एक लाख रोजगार दिलाने के लिए मंत्रिमंडलीय उप समितियां गठित कीं। प्रदेश में 18 से 60 वर्ष की हर महिला को 1500 रुपये मासिक देने के लिए मंत्री धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार और अनिरुद्ध सिंह की सदस्यता वाली एक उप समिति बनाई गई।