पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को 2024 में भाजपा को हराने के अपने आह्वान को फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को अराजकता को खत्म करने के लिए लोगों की सरकार लाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कानून व्यवस्था पर कहा कि कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में आतंक फैला रखा है।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं। केंद्र इन हत्याओं की जांच के लिए कोई भी टीम नहीं भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने प्रेम कुमार नामक राजबंशी युवक को गोली मारी। उसके शरीर से बुलेट के 180 छर्रे मिले थे। उन्होंने कहा कि जानबूझ कर अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
ममता बनर्जी ने काऊ हग डे को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अगर गाय हमें टक्कर मार दे तो क्या वो (भाजपा सरकार) मुआवजा देगी। उन्होंने कहा कि मुझे इसे करने में कोई आपत्ति नहीं, लेकिन बीजेपी को गाय को गले लगाने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपए और भैंस को गले लगाने के लिए 20 लाख रुपए का बीमा देना चाहिए।
दरअसल, केंद्र के मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के पशुपालन और डेयरी विभाग के अंतर्गत आने वाले AWBI ने वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को काउ हग डे के रूप में मनाने की अपील की थी। इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर खूब मजाक उड़ी थी। बाद में पशु कल्याण बोर्ड ने इस अपील को वापस ले लिया था।