नई दिल्ली : ब्रिटेन पीएम बोरिस जॉनसन ने अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है, गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीएम जॉनसन मुख्य अतिथि थे.
रायटर्स के मुताबिक, कोरोना के नए स्ट्रेन के चलते उन्होंने अपना भारत दौरा रद्द किया है, इस पर पीएम खेद भी जताया है.
ब्रिटेन प्रशासन ने जानकारी देते हुए कहा कि पीएम बोरिस जॉनसन ने आज सुबह पीएम मोदी से बात की और भारत नहीं जा पाने के लिए खेद व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी आज करेंगे कोच्चि-मंगलुरु गैस पाइपलाइन का उद्घाटन
पीएम से बात करते हुए जॉनसन ने कहा कि जिस गति से ब्रिटेन में नया कोविड-19 संस्करण फैल रहा है, उनके लिए ब्रिटेन में रहना महत्वपूर्ण है, ताकि वह कोविड-19 की घरेलू प्रतिक्रिया पर ध्यान केंद्रित कर सकें.
बता दें कि पीएम बोरिस जॉनसन ने कोविड-19 संक्रमण के नए स्ट्रेन के चलते ब्रिटेन में एक बार फिर लॉकडाउन लागू कर दिया है.
लॉकडाउन का ऐलान करते हुए बोरिस ने कहा कि कोविड-19 के कारण फरवरी के मध्य तक नया नेशनल लॉकडाउन लागू किया जा रहा है, बोरिस ने सोमवार रात को देश को संबोधित करते हुए कहा कि यह देश के लिए कठिन समय है.
देश में कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, फिलहाल, लोगों को लॉकडाउन के दौरान घर में ही रहना होगा वह सिर्फ जरुरी काम के लिए घर से बाहर निकल सकते हैं, गौरतलब है कि पीएम मोदी ने उन्हें कॉल करके औपचारिक तौर पर आमंत्रित किया था.
न्यौता स्वीकार करने के बाद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि ये भारत और ब्रिटेन के संबंधों में नए युग की शुरुआत होगी.
ये भी पढ़ें : सौरव गांगुली की हालत स्थिर, कल मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी
बता दें कि काफी समय बाद ब्रिटेन पीएम गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत आने वाले थे, आखिरी बार वर्ष 1993 में ब्रिटेन के तत्काल पीएम जॉन मेजर गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि बनकर भारत आए थे.












