रेप और हत्या मामले में दोषी राम रहीम पैरोल पर 40 दिन के छूटे हैं। उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में रह रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने बुधवार को ऑनलाइन सत्संग किया है, जिसमें करनाल से काफी लोग जुड़े। इस दौरान राम रहीम ने करनाल की मेयर रेणु गुप्ता को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
मेयर के अलावा जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, डिप्टी मेयर नवीन कुमार व सीनियर डिप्टी मेयर राजेश ने भी गुरमीत राम रहीम के संबोधन से अपनी हाजिरी लगाई।हरियाणा में दो चरणों में पंचायत चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 30 अक्तूबर को जबकि दूसरे चरण का मतदान 12 नवंबर को होगा।
डिप्टी मेयर नवीन कुमार ने इस पूरे मामले में मीडिया से बात करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपने वार्ड से चुना है। जनता ही इस चीज का फैसला करती है। जनता का आशीर्वाद होना जरूरी है। पैरोल का चुनाव से कनेक्शन होने के सवाल डिप्टी मेयर ने कहा कि कोई भी इंसान अपनी खुशी से पैरोल की मांग कर सकता है।
इस मामले में हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोषी नेता गुरमीत राम रहीम पैरोल पर ऑनलाइन ‘सत्संग’ कर रहे हैं। जेल विभाग द्वारा पैरोल दी जाती है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। अगर करनाल का कोई व्यक्ति गुरमीत राम रहीम पर विश्वास करता है और उसे देखने गया है, तो आदमपुर चुनाव से क्या संबंध है?