राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में जारी है। इस बीच बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर किया है। अमित मालवीय का दावा है कि मध्य प्रदेश के खरगोन में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे हैं। वहीं कांग्रेस ने इसे बीजेपी की घिनौनी हरकत बताया है।
वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी राहुल गांधी की यात्रा के दौरान वीडियो शेयर किया। इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए लिखा है कि इस तरह सरेआम नारे लगने से कांग्रेस की भारत तोड़ने की मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है। बार-बार यह साबित हो रहा है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है। राहुल गांधी को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस के सीनियर नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने के लिए छेड़छाड़ किया गया वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, “हम तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम इस तरह की रणनीति के लिए तैयार हैं और इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।”
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलेगी, जो लगभग 2000 किलोमीटर की यात्रा तय कर चुकी है। अभी यात्रा महाराष्ट्र से होते हुए मध्यप्रदेश में पहुंची है।