दुनिया भर में आ रहे कोरोना संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में चल रही जन आक्रोश यात्रा रद्द कर दी है। भारत जोड़ो यात्रा और बीजेपी जन आक्रोश रैली को लेकर कोरोना पर राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। एक तरफ जहाँ कांग्रेस का आरोप है कि भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए ये साज़िश है तो वहीं बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस को जनता की फ़िक्र नहीं है।
कोरोना के नए वैरिएंट के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जनाक्रोश रैली को कोरोना को देखते हुए स्थगित किया जा रहा है।
इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने दोपहर 3.04 बजे ट्वीट करते हुए कहा- दुनिया में कोरोना फिर से अपने पैर पसार रहा है। ऐसे में हमने फिलहाल जन आक्रोश यात्रा को रोक दिया है। भविष्य में नई रणनीति के तहत फिर से कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ बीजेपी लोगों के बीच जाकर उनकी आवाज को बुलंद करेगी।
सतीश पूनिया ने कहा कि हम अभी तक 61 हजार 500 नुक्कड़ सभा और चौपाल का आयोजन कर चुके हैं। साथ ही 14 लाख 50 हजार समस्या पत्र एकत्रित किए हैं। इसके अलावा करीब 91 लाख आरोप पत्र विधानसभा क्षेत्र में बांटे हैं। साथ ही 30 लाख 80 हजार से ज्यादा मिस कॉल के जरिए लोगों को पार्टी से जोड़ा है।
दरअसल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वे भारत जोड़ो यात्रा को निलंबित करने पर विचार करें। हालांकि, कांग्रेस ने ऐसा करने साफ मना कर दिया।