आम आदमी पार्टी विधायक आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किए गए हैं। दोनों ने गुरुवार शाम राजभवन में आयोजित किए गए शपथग्रहण समारोह में मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ लेने के साथ ही दोनों मंत्रियों को उनके विभाग भी बांट दिए गए हैं। आतिशी मार्लेना शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, ऊर्जा और टूरिज्म विभाग तो सौरभ के पास हेल्थ, अर्बन डेवलपमेंट, जल और इंडस्ट्री विभाग संभालेंगे। मंत्री पद संभालते ही आतिशी मार्लेना ने बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल से वापस आने के बाद शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग संभालेंगे।
कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारद्वाज और अतिशी मार्लेना के नाम को मंजूरी दे दी थी। गौरतलब है कि शराब घोटाले मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से ही आम आदमी पार्टी (आप) केंद्र सरकार पर लाल है। जेल जाने के बाद सिसोदिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
मनीष सिसोदिया को दिल्ली के आबकारी नीति मामले में पिछले माह सीबीआई ने 8 घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। वहीं, सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग केस में पिछले साल 30 मई से तिहाड़ जेल में बंद हैं। सिसोदिया इस्तीफे से पहले तक 33 में से 18 विभाग देख रहे थे। वहीं जैन के पास स्वास्थ्य, उद्योग समेत 7 मंत्रालयों की जिम्मेदारी थी। जैन के विभागों को बाद में सिसोदिया को सौंप दिया गया था।
कौन हैं अतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज
आतिशी कालकाजी सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक हैं। वह शिक्षा मंत्रालय में सिसोदिया की पूर्व सलाहकार थीं। दिल्ली के स्कूलों में बदलाव को लेकर उनका अहम रोल रहा है। उन्होंने ही दिल्ली में हैप्पीनेस पाठशाला की शुरुआत की।
सौरभ भारद्वाज केजरीवाल-1 कैबिनेट में परिवहन मंत्री थे और इस समय दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। वह दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में भी काम किया।