छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आए। वहीं इन सीटों में सबसे ज्यादा चर्चित बिहार की मोकामा विधानसभा सीट थी, जहां से चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मैदान में थीं। उन्होंने उपचुनाव में 16488 वोटों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सोनम देवी को हराया है। इसके पहले यहां से विधायक अनंत सिंह थे लेकिन उन्हें सजा हो गई, जिससे उनकी सदस्यता भी चली गई।
कहा जाता है कि मोकामा में अनंत सिंह का सिक्का चलता है। शायद यही वजह है कि 2005 से कभी जेल से कभी बाहर रहकर अनंत सिंह वहां से जीतते आए हैं। इस बार वो जेल में है लिहाजा उनकी पत्नी नीलम देवी को मोकामा से महागठबंधन ने प्रत्याशी बनाया था। काउंटिंग के शुरुआती रुझान में नीलम देवी को बढ़त मिल शुरू हो गई थी।
इधर चुनाव के नतीजे आने से पहले ही मोकामा के लिए पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने राजद को बधाई दे दी थी। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट किया है और जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी।
बता दें कि गोपालगंज और मोकामा में हुए उपचुनाव में दोनों सीटों पर आमने –सामने का मुकाबला राजद और भाजपा के बीच ही माना जा रहा था। गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी और राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता के बीच मुकाबला रहा। हालांकि यहां बसपा से इंदिरा यादव उम्मीदवार हैं जो लालू यादव के साले और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के मामा साधू यादव की पत्नी हैं। वहीं ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने अब्दुल सलाम को उम्मीदवार बनाया है।