नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव बीमारी के चलते इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में दाखिल थे, जिन्हे आज डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उनसे अस्पताल में मुलाकात करने पहुंचे। राहुल ने लालू से मिलकर उनकी तबीयत के बारे में जाना।
चारा घोटाले में जेल की सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख अपनी सेहत संबंधी समस्या को लेकर दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे।
गौरतलब है की जब दो राजनीतिज्ञ मिलते हैं तो बातें स्वास्थ्य के साथ-साथ राजनीति की भी होती है। राहुल और लालू की मुलाकात को भी कर्नाटक चुनाव और 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हुई मुलाकात से जोड़ कर देखा जा रहा है।
इस मामले में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरा है। उन्होंने कहा है कि राहुल के दो चेहरे हैं। एक जिसमें सत्ता में रहते हुए वो अध्यादेश फाड़ देते हैं जो लालू यादव को बचाता और दूसरा वो जिसमें वो सत्ता के लिए लालू से मिलते हैं।
बताया जा रहा है की अब लालू यादव की तबीयत में सुधार हो रहा है। अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बाद लालू व्हील चेयर पर निकलते दिखे। एम्स प्रशासन ने कहा कि लालू यादव पूरी तरह से ठीक हैं और यात्रा करने के लिए भी फिट हैं। एम्स ने कहा कि लालू यादव को रांची ने गंभीर हालत की वजह से बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा था। मगर अब वह स्थिर हैं और मेडिकल बोर्ड की सलाह के बाद अब उन्हें वापस रांची अस्पताल भेजा जा रहा है, जहां उनका नियमित इलाज किया जाएगा।
आपको बता दें की लालू यादव की रांची की बिरसा मुंडा जेल में तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद उन्हें वहां के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया था, जहां बीते करीब एक महीने से उनका इलाज चल रहा है।