समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस वक्त भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी के त्रिदंश का शिकार है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश इस वक्त भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी के त्रिदंश का शिकार है। आजादी के बाद अर्थव्यवस्था के इस सबसे बुरे दौर में जब लोगों के हाथों में पैसा नहीं है, काम-कारोबार अपने निम्नतम स्तर पर है, ऐसे में भ्रष्टाचार और अपराध का भाजपाई संरक्षण एक बड़े जनाक्रोश को जन्म दे रहा है।”
इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा था। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “नीति आयोग की रिपोर्ट में स्वास्थ्य के पैमाने पर उत्तर प्रदेश का निम्नतम आना यह दर्शाता है कि बीजेपी राज में किस प्रकार स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाएं उपेक्षित हुई हैं। राजनीति के नाम पर एम्बुलेंस सेवाएं भी सुचारु नहीं हैं। गोरखपुर देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्गति की राजधानी बन गया है।”