उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, अजय कुमार लल्लू प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। 40 वर्षीय अजय कुमार लल्लू फिलहाल कुशीनगर जिले की तमकुहीराज विधानसभा सीट से विधायक हैं। 2012 और 2017 में कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे अजय कुमार लल्लू कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ते हुए अजय कुमार ने भाजपा प्रत्याशी जगदीश मिश्र को हराया था। वह 2012 में भी कांग्रेस के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। अजय कुमार कांग्रेस के पूर्वी यूपी के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के करीबी भी माने जाते हैं। प्रियंका जब भी यूपी के दौरे पर आती हैं तो अजय कुमार लल्लू उनके साथ ही नजर आते हैं।
अजय कुमार की कार्यशैली और उनके पार्टी से जुड़ाव के कारण प्रियंका वाड्रा काफी प्रभावित हैं। लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा में भी उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई। वे अपनी संघर्षशील छवि के लिए जाने जाते हैं।
उन्नाव और शाहजहांपुर की रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के संघर्ष में भी वे पीछे नहीं रहे। सोनभद्र के उभ्भा नरसंहार में वे प्रियंका गांधी वाड्रा के आंदोलन के दौरान पूरी तरह साथ रहे। सदन में और बाहर बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को उन्होंने प्रमुखता से उठाया है। एक व्यक्ति-एक पद की व्यवस्था के तहत लल्लू विधानमंडल दल के नेता की जिम्मेदारी छोड़ेंगे।