गुजरात में हुए ब्रिज हादसे को अभी ज्यादा दिन ही नहीं बीते थे कि अब महाराष्ट्र में एक और ब्रिज के ढहने की जानकारी सामने आई है। यह हादसा महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में हुआ है। महाराष्ट्र में फुटओवर ब्रिज गिरने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 20 लोग बुरी तरह से घायल हो गए जबकि 8 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में चंद्रपुर में जिले के बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का एक हिस्सा धराशाई हो गया। ब्रिज की ऊंचाई करीब 60 फीट बताई जा रही है। हादसे के समय इस पर कई लोग मौजूद थे। हादसे के वक्त लोग 60 फीट की ऊंचाई से रेलवे पटरियों पर जा गिरे। राहत और बचाव कार्य जारी है।
सीपीआरओ सीआर शिवाजी सुतार ने बताया कि नागपुर मंडल के बल्हारशाह में रविवार शाम करीब 5.10 बजे फुट ओवरब्रिज के स्लैब का हिस्सा गिर गया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए और सभी को प्राथमिक इलाज के बाद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
बता दें कि बीते दिनों गुजरात के मोरबी में भी एक पुल हादसा हुआ था, जिसने पूरे देश को दहला दिया था। गुजरात के मोरबी में हैंगिंग ब्रिज पर एक रविवार के दिन कई लोग पहुंचे हुए थे। नदी के ऊपर बने पुल बीच से टूटा और नीचे गिर गया। इस दौरान करीब 140 लोगों की जान गई थी। इस हादसे ने प्रशासन और कंस्ट्रक्शन के काम पर खूब सवाल खड़े किए थे।