जम्मू कश्मीर के DG जेल हेमंत के लोहिया की उनके घर पर हत्या कर दी गई। उनकी गला रेतकर हत्या की गई। इतना ही नहीं उनके शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं। आतंकी संगठन TRF ने एचके लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी ली है। पुलिस को शक है कि उनके नौकर ने इस हत्या को अंजाम दिया।
TRF संगठन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर लिखा है कि ये शाह के दौरे से पहले गिफ्ट है। गौरतलब है कि लोहिया का शव उनके घर पर मिला था। पुलिस को पहले शक उनके फरार नौकर पर गया था लेकिन आतंकी संगठन की जिम्मेदारी लेने के बाद मामला बड़ा हो गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, शुरुआती जांच में सामने आया है कि रामबन का रहने वाला एक घरेलू सहायक यासिर अहमद मुख्य आरोपी है। घटना स्थल से कुछ सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किए गए हैं, जिनमें संदिग्ध आरोपी वारदात के बाद भागता हुआ देखा जा रहा है।
डीजीपी जेल विभाग हेमंत कुमार लोहिया 3 अगस्त 2022 को जम्मू कश्मीर में डेपुटेशन से लौट कर आए थे। हालांकि उनको सितंबर 2023 में वापस आना था। सूत्रों का कहना है कि वह जम्मू कश्मीर के नए डीजीपी की रेस मे सबसे आगे थे। इसलिए उनको एक साल पहले ही डेपुटेशन से वापस बुलाया गया। जांच का एक पहलू यह भी है।