मुंबई। दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, ये हादसा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार को उस समय हुआ जब शबाना अपनी कार से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी गाड़ी की टक्कर एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से हो गई। हादसा बेहद गंभीर था, जिसकी वजह से दिग्गज एक्ट्रेस को गंभीर चोट भी आई है।
इस दौरान जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर भी गाड़ी में मौजूद थे, गनीमत ये रही कि उन्हें चोट नहीं आई। फिलहाल शबाना को हादसे के तुरंत बाद मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच उनको आई चोट को लेकर एमजीएम अस्पताल की ओर से अहम जानकारी दी गई है।
जावेद-शबाना मुंबई में जश्न मनाने के बाद खंडाला जा रहे थे
शबाना आजमी और उनके परिवार के लोगों ने बॉलीवुड हस्तियों के साथ मुंबई में ही जावेद अख्तर का 75वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने दो पार्टी होस्ट की थी। एक पार्टी 16 जनवरी को रेट्रो थीम पर हुई थी। दूसरी पार्टी 17 जनवरी की रात को मुंबई के ताज लैंड्स होटल में हुई थी। इसमें बॉलीवुड स्टार्स ने शिरकत की थी। जावेद अख्तर के करीबी लोगों ने भास्कर को बताया कि वीकेंड मनाने के मकसद से शनिवार को दोनों मुंबई से खंडाला के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
जावेद अख्तर के बर्थडे में शामिल हुए थे बॉलीवुड सेलेब्स
पार्टी में फिल्म जगत के बड़े सितारे शामिल हुए थे। इसमें रेखा, ऋचा चड्ढा, अली फजल, रोनित रॉय, सतीश कौशिक समेत कई सारे सेलेब्स पहुंचे थे। पार्टी का थीम रेट्रो रखा गया था। इस दौरान सभी सेलेब्स रेट्रो लुक में नजर आए थे। फरहान अख्तर भी पिता के जन्मदिन के मौके पर पहुंचे थे। फरहान, अमिताभ बच्चन के लुक में नजर आए थे। शबाना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।