बिहार के बेगूसराय में हत्या का मामला सामने आया है। बेगूसराय जिले में सिंघोल के अमरौर कीरतपुर गांव में कल रात गोपाल सिंह नाम के एक व्यक्ति की लोहे की रॉड से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। ये व्यक्ति भाजपा नेता और पंचायत अध्यक्ष बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने बताया कि यह हत्या का मामला है, पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बीजेपी नेता की हत्या लोहे की रॉड से पीट-पीट कर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है।
लोकसभा चुनाव के नतीजे के आने बाद बेगूसराय में पिछले कुछ दिनों से बदमाशों का आतंक जारी है। बेगूसराय के कुंभी गांव में एक शख्स को कथित तौर पर रोककर उसका धर्म पूछा गया था और फिर गोली मार दी गई थी। पीड़ित की पहचान फेरी लगाने वाले मोहम्मद कासिम के तौर पर हुई थी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल काफी वायरल हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी राजीव यादव की खोजबीन की जा रही है। बेगूसराय से बीजेपी के गिरिराज सिंह के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कन्हैया कुमार ने इस बारे में ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, “बेगूसराय में एक मुस्लिम फेरीवाले को पाकिस्तान जाने की बात कहते हुए गोली मार दी गई। इस तरह के अपराधों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे तमाम नेता और उनके राग दरबारी दोषी हैं जो सियासी फायदों के लिए दिन-रात नफरत फैलाते हैं।”
परिजन बोले: चुनावी रंजिश में मार डाला
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। घटना के कारणों को लेकर परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका है। गोपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी प्रत्याशी व पार्टी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह के लिए जमकर प्रचार किया था। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
हाल में हुईं कई बड़ी वारदातें
विदित हो कि बेगूसराय में बीते कुछ दिनों के दिौरान कई चर्चित वारदातें हुईं हैं। हाल ही में अपराधियों ने एक फेरी वाले को यह कहते हुएगोली मार दी थी कि उसे तो पाकिस्तान में होना चाहिए।