ADVERTISEMENT
कर्नाटक में कुछ दिनों में विधानसभा चुनाव होने है। जिसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस जैसे राजनैतिक दलों का वहां पर जनसभा और रैली का दौर भी चल पड़ा है। इसी बीच पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है और कहा कि भाजपा राज में कर्नाटक बदहाल था।
उन्होंने 5 साल में तीन मुख्यमंत्री बदले और राज्य के विकास में उनका सिर्फ यही योगदान है। उन्होंने कांग्रेस के साथ जाने पर कहा कि ये बात सच है कि उन्होंने कांग्रेस को समर्थन दिया था। लेकिन वो समय की मांग थी। कर्नाटक में धर्मनिरपेक्षता खतरे में थी और उसे बचाए रखना उनकी जिम्मेदारी थी।
उन्होंने अपने कार्यकाल की बात करते हुए कहा कि, जब मुख्यमंत्री था तब राज्य के डीजीपी से पूछा कि पुलिस में कितने ऐसे कॉन्सटेबल हैं जो मुस्लिम हैं, उनका जवाब था कि कर्नाटक पुलिस में सिर्फ 1 फीसद मुस्लिम हैं। मानवीय आधार पर उन्होंने आरक्षण पर फैसला किया।
बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं। चुनाव एक ही चरण में होगा और 15 मई को मतगणना होगी। 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। वर्तमान में कर्नाटक में कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार है। विधानसभा में कांग्रेस के 122 विधायक हैं, जबकि भाजपा मुख्य विपक्षी पार्टी है और उसके पास 40 विधायक हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव को काफी अहम माना जा रहा है।